logo

पीएम मोदी का फैसला-भारत में एक भी व्यक्ति को गरीब नहीं रहने देंगे : राजनाथ सिंह


पीएम मोदी का फैसला-भारत में एक भी व्यक्ति को गरीब नहीं रहने देंगे : राजनाथ सिंह


एनडीए प्रत्याशी सीता सोरेन को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील

रांची/ दुमका: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 10 मई को दुमका के यज्ञ मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी सभा को संबोधित किया। मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सीता सोरेन दुमका से सांसद बनकर जाती है, तो आपकी आवाज को संसद में प्रभावी तरीके से उठाएंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया है। भारत को धनवान देश बनाने के लिये पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत काम किया है। कांग्रेस की जब भी सरकार बनी, तब उसने कहा कि हम देश से गरीबी मिटाना चाहते हैं। इन लोगों के रहते हुए भारत की गरीबी दूर नहीं हुई। मोदी जी ने कहा कि हम गरीब मिटाएंगे। वैसे 10 साल में कोई भी प्रधानमंत्री बड़ा करिश्मा नहीं कर सकता है,  लेकिन मोदी जी ने वह करिश्मा किया है। पिछले 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।

उन्होंने कहा कि मां-बहनें पहले लकड़ी पर खाना बनाती थी। उनकी आंखों में आंसू रहता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी चिंता की। सभी को गैस सिलेंडर मिला। कोरोना काल में लोगों को मुफ्त में टीका दिया गया। हर गरीब के घर में मुफ्त राशन पहुंचाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। भारत में एक भी व्यक्ति को गरीब नहीं रहने देंगे। यह प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी का फैसला है।

श्री सिंह ने कहा कि धन दौलत के मामले हमारे भारत से दुनिया के 10 देश आगे थे। डॉ मनमोहन सिंह जब प्रधानमंत्री बने थे, तब भी हमारा भारत पूरे विश्व में 11वें नंबर पर था। वे 10 साल प्रधानमंत्री रहे, लेकिन भारत 11वें नंबर पर ही रहा। विद्वानों का कहना है कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, वैसे ही बढ़ता रहा तो भारत विश्व का तीसरा धनवान देश होगा।

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कहना था कि कोरोना से भारत में कोई मौत ना हो, इसे लेकर उन्होंने हर व्यक्ति को कोरोना का दो से तीन टीका मुक्त लगवाया। इंडी गठबंधन वालों के पास कोई मुद्दा नहीं है। वे दुष्प्रचार कर रहे हैं कि मोदी जी फिर से सत्ता में आएंगे तो आरक्षण खत्म कर देंगे। हम देखेंगे कि किसने मां का दूध पिया है कि आपका आरक्षण समाप्त कर दें। झारखंड को बनाने में आदिवासी मां बहनों के योगदान को भारतीय जनता पार्टी कभी भूल नहीं सकती। भारतीय जनता पार्टी ने ही झारखंड अलग राज्य बनाया है। इंडी गठबंधन के लोग आदिवासी भाई बहनों को गुमराह कर रहे हैं। इन लोगों ने कभी भगवान बिरसा मुंडा को पूछा तक नहीं। पहली बार भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन 15 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस बनाने का फैसला भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने किया।

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों ने हमेशा लोगों की आंखों में धूल झोंककर राजनीति की है। भारतीय जनता पार्टी राजनीति सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं करती। देश और समाज बनाने के लिए राजनीति करती है। जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहते उनके मंत्रियों को जेल की हवा खानी पड़ी। यह भारत के इतिहास में पहली बार हुआ। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और विपक्षी दल पिछले 10 साल में एक भी भ्रष्टाचार के आरोप मोदी सरकार पर नहीं लगा पाई। मोदी सरकार में एक भी मंत्री भ्रष्टाचार करते पाया जाएगा तो उसका स्थान जेल होगा। झारखंड सरकार गरीबों का खून पी रही है। मंत्री के पीए के नौकर के घर से नोटों के बंडल मिल रहे हैं। एक सांसद के यहां 350 करोड़ मिले। यह आया कहां से? इन लोगों ने जनता का खून पिया है। इसकी सजा लोगों को दी जानी चाहिए। यह झारखंड के गरीबों के साथ धोखा और विश्वासघात है। इसका बदला लोग वोट के माध्यम से लें। 

इंडी गठबंधन के लोग कहते हैं कि ईडी और सीबीआई की जांच विरोधियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी कर रही है। इन लोगों ने भी कोशिश की थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के यहां भ्रष्टाचार का कोई मामला नहीं मिला। इसलिए यह टायं टांय फिस्स हो गया। ईडी और सीबीआई को स्पष्ट निर्देश है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें, चाहे वह किसी भी पार्टी का हो। आरोप लगाते हैं कि ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करते हैं। अगर हमने गलत किया है तो कोर्ट जाएं। हमारे खिलाफ कार्रवाई होगी। इंसाफ का दरवाजा क्यों नहीं खटखटा रहे हैं। जाने पर जमानत तक नहीं मिल रही है।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्तमान स्थिति में भारतीय जनता पार्टी एकमात्र विकल्प है। भारतीय जनता पार्टी की राजनीति का आधार इंसाफ और इंसानियत है। पार्टी में कोई भेदभाव नहीं करती है। जिन लोगों के साथ झामुमो की सरकार ने जुल्म किया है, उनको इंसाफ जरूर मिलेगा। जुल्म करने वालों को सजा जरूर मिलेगी। 

उन्होंने कहा कि पहले भारत का कोई मंत्री विदेश जाता था तो कहा जाता था कि भारत गरीबों का देश है। कमजोर देश है। भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। आज भारत की ताकत इतनी बढ़ गई है कि दुनिया के मंचों पर भारत कुछ बोलता है तो सारी दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। आज यह भारत की ताकत है।


झारखंड और विकास विरोधी कांग्रेस की गोद में झामुमो बैठी है : बाबूलाल मरांडी

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 10 वर्षों में सभी के लिए काम कर रहे हैं। गरीबों के लिए काम किया है। किसानों के लिए काम किया है। मां-बहनों के लिए काम किया है। गांव के लिए काम किया। आज तक किसी भी प्रधानमंत्री ने इतना काम नहीं किया। गरीबों को घर देने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि फिर से सत्ता में आने पर बेघर गरीबों को घर दिया जाएगा। गरीबों को घर ही नहीं गैस कनेक्शन-चूल्हा भी देने का काम किया है। गरीब भूखे नहीं सोए, इसकी चिंता भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। हर महीने गरीबों को मुक्त अनाज दिया जा रहा है।

श्री मरांडी ने कहा कि कोई गरीब अगर बीमार हो जाए तो अपना इलाज अच्छे अस्पताल में करा सके, इसके लिए प्रधानमंत्री ने उन्हें आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया है। इससे 5 लाख रुपए तक का इलाज अच्छे अस्पतालों में कर सकेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग विकास और झारखंड के विरोधी हैं। झारखंडियों के विरोधी हैं। झारखंड अलग राज्य का आंदोलन वर्षों से चल रहा था। देश की आजादी के समय से चल रहा था। जो लोग अलग राज्य के लिए लड़ाई लड़ रहे थे, उन लोगों को कांग्रेस ने खरीद लिया, पर झारखंड अलग राज्य नहीं दिया। झारखंडियों की भावना और सम्मान का ख्याल नहीं रखा‌। इसके बाद भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोग उसी पार्टी की गोद में खेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कहा था कि केंद्र में सरकार बनते ही झारखंड अलग राज्य देंगे। केंद्र में सरकार बनते ही अटल बिहारी वाजपेई ने झारखंड अलग राज्य का गठन किया। अलग राज्य भाजपा की देन है। कांग्रेस पार्टी देश में 55 वर्षों तक राज की, लेकिन गांव में बिजली नहीं पहुंची। गांव में सड़कें नहीं थी। बीजेपी की सरकार और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद बिजली और सड़कें गांव-गांव तक पहुंची। 

उन्होंने कहा कि आज हेमंत सोरेन जेल में हैं। लोग पूछते हैं कि उनका क्या कसूर है। हेमंत सोरेन ने नदी के बालू को नहीं छोड़ा। पहाड़ को काटकर बेच दिया। जमीन के फर्जी कागजात बनाकर उसे बेच दिया। हेमंत सोरेन अपनी करनी के कारण आज जेल में बंद है। झारखंड भारतीय जनता पार्टी ने बनाया। झारखंड का विकास भी भारतीय जनता पार्टी करेगी।

विकास का काम प्रधानमंत्री मोदी के माध्यम से ही जमीन पर उतर रहा है : सीता सोरेन

एनडीए प्रत्याशी सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड की सरकार लूट रही है। लोगों की सहानुभूति लूटने के लिए बता रही है कि आदिवासी को जेल में डाला गया है। आज झारखंड के विकास के लिए इंडी गठबंधन की सरकार ने कुछ भी नहीं की है। प्रधानमंत्री द्वारा विकास का कार्य किया जा रहा है। जमीन पर एक भी अबुआ  आवास नहीं बना है। इंडी गठबंधन के प्रत्याशी के वोट मांगने आने पर यह बात उनसे जरूर पूछे। युवाओं को राज्य सरकार ने पूरी तरह से ठगा है। विकास का काम प्रधानमंत्री मोदी के माध्यम से ही जमीन पर उतर रहा है। संविधान बदलने की कोशिश करने वालों को मोदी की सजा देंगे। संविधान की रक्षा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही संभव है। लूटने वालों से सावधान रहना है नहीं तो विकास रुक जाएगा। जैसे विकास अभी रूका हुआ है।
इस अवसर पर असम के सांसद दिलीप सैकिया, सांसद सुनील सोरेन, विधायक रणधीर कुमार सिंह, पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी, लोकसभा प्रभारी राज पालिवार, दुमका जिला अध्यक्ष गौरव कांत, देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, जामताड़ा जिला अध्यक्ष समित शरण भी मौजूद है।

Subscribe Now