पूर्वी सिंहभूम। बिरसानगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में विकास दास (23)और रोहित गोराई उर्फ भोला (24)शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए है। बरामद सामानों में
दो पीस नाक फुली, एक नथुनी, एक जोड़ा चांदी की पायल, एक जोड़ा चांदी जैसा हाथ का मेंहदी, एक जोड़ा सफेद रंग का ईयर बर्ड, एक रेडमी कंपनी का मोबाइल, सिक्कों से भरा प्लास्टिक का डब्बा सहित अन्य सामान शामिल है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गत17 नवंबर को विजय नगर निवासी पीड़ित अशोक कुमार मोर्या ने थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि दिन के समय घर का ताला तोड़कर चोर लगभग 70 हजार रुपये के गहने और 50 हजार रुपये नकद सहित कुल 1.20 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास पुछताछ, तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार विकास दास पर बिरसानगर थाना में 2022, 2023 और 2024 के कई चोरी तथा घर में घुसकर चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं रोहित गोराई उर्फ भोला पर सिदगोड़ा, साकची और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में 2023 के दौरान चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।













