BREAKING NEWS

logo

गढ़वा रोड-डालटनगंज बरकाकाना रेल खंड पर ट्रेन परिचालन सामान्य


पलामू। लातेहार जिले में मालगाड़ी की चपेट में हाथियों का एक झुंड आ गया, जिससे हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों ने पूरे रेलवे ट्रैक को घेर लिया, जिससे डाउन लाइन पर मंगलवार सुबह 6:00 बजे तक, जबकि अप लाइन पर देर रात 1:00 बजे ट्रेन परिचालन बहाल हुआ। इस अवधि में गढ़वा रोड-डालटनगंज और बरकाकाना के बीच चलने वाली 10 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। एक ट्रेन हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस को डाइवर्ट करके चलाया गया, जबकि नौ ट्रेन लेट से गई। इनमें वाराणसी -रांची इंटरसिटी, बीडीएम, वंदे भारत, पलामू एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी आदि ट्रेन लेट से गई। डाउन लाइन से तीन जबकि अप लाइन से 6 ट्रेन में लेट से पार हुई। इस क्रम में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पलामू एक्सप्रेस सुबह 4:45 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। इससे पहले खलारी स्टेशन पर पलामू एक्सप्रेस खड़ी रही। चियांकी रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोका गया। डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने इसकी पुष्टि की।

यह घटना लातेहार जिले के निद्रा और महुआ मिलान स्टेशन के बीच रेलवे पोल नंबर 173 के पास सोमवार रात हुई।

दरअसल निंद्रा-महुआ मिलान गांव के आसपास जंगली हाथियों का झुंड अक्सर भ्रमण करता रहता है। सोमवार की रात हाथियों का झुंड रेलवे लाइन क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान एक मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी, जिसकी चपेट में आने से एक हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और रेलवे ट्रैक पर ही बैठ गया। कुछ देर बाद में उसकी मौत हो गई। रेलवे और वन विभाग हाथी के बच्चे के शव दफनाने की तैयारी में है।

Subscribe Now