प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक तोरपा से सोदे की ओर सीमेंट लेकर जा रहा था। इसी दौरान सरबो घाटी के खतरनाक ढलान पर ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि ट्रक का ट्रॉली चेसिस से अलग हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया भेजा गया।
घायलों में चालक नवीन कुमार (बिहार) तथा मजदूर शिशिरण टोपनो, तोड़ना साहू और एक अन्य शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज रनिया में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक मजदूर ट्रक के नीचे दब गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उल्लेखनीय है कि इसी महीने सरबो घाटी में यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। दो अप्रैल को चावल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर दो सगे भाइयों को कुचलते हुए पलट गया था, जिससे दोनों की मौत हो गई थी।
नौ अप्रैल को लोहा लदा ट्रेलर पलटने से उपचालक की जान चली गई थी।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से यह इलाका अब ‘मौत की घाटी’ के रूप में चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेत और सड़क सुधार की मांग की है, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
खूंटी,। रनिया-सोदे मुख्य पथ पर स्थित सरबो घाटी में मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट लदा 12 चक्का ट्रक ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक सहित चार लोग घायल हो गए।













