BREAKING NEWS

logo

पुलिस ने 40 लाख का ब्राउन शुगर और अवैध शराब किया जब्‍त, आठ गिरफ्तार


हजारीबाग,। पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को लगभग 40 लाख रुपए के मादक पदार्थ जब्त किया है। यह कार्रवाई दो थानों में की गई, जिसमें कुल आठ नशे के तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पहली कार्रवाई हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र में हुई। यहां से लगभग 166 ग्राम ब्राउन शुगर, साढ़े तीन लाख रुपए नगद, दो बाइक और छह मोबाइल फोन जब्त किया गया।

जब्त ब्राउन शुगर का बाजार मूल्य करीब 20 लाख रुपये आंका गया है। इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सावन कुमार, संतोष कुमार, प्रशांत कुमार, अनिल कुमार, संतोष कुमार साव, योगेश प्रसाद और धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। ये सभी हजारीबाग और चतरा जिले के निवासी हैं। दूसरी कार्रवाई टाटीझरिया थाना क्षेत्र में की गई। बोधा जंगल से अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की गई, जिसमें लगभग 60 पेटी विदेशी शराब शामिल है। इसका बाजार मूल्य करीब 20 लाख रुपये बताया जा रहा है।

इस मामले में एक आरोपित रामचंद्र साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने 60 पेटी विदेशी शराब के साथ एक पिकअप भी जब्त की है। कुल मिलाकर, लगभग 40 लाख रुपए के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि नशे के खिलाफ यह कार्रवाई पिछले कई दिनों से लगातार जारी है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Subscribe Now