पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में बाहा पर्व की खुशियों के बीच शुक्रवार की देर रात बड़ा पासेया गांव के चिरु पासेया टोला में 50 वर्षीय महिला टुरिया गगराई की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है।
अज्ञात हमलावर ने महिला के सिर पर हथौड़े से कई वार किए और फिर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सिर और पसलियों पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के समय गांव में बाहा पर्व मनाया जा रहा था और अधिकांश ग्रामीण उत्सव में व्यस्त थे। इसी बीच महिला अपने घर से कुछ दूरी पर थी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे हमलावर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपित पास के एक आम के पेड़ के पीछे छिपा हुआ था और मौका मिलते ही उसने वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपित ने शव को करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटने की कोशिश की, लेकिन किसी हलचल का आभास होने पर वह शव को बीच में ही छोड़कर फरार हो गया। भागने के दौरान आरोपित अपने कपड़े—शर्ट, पैंट और चप्पल—मौके पर ही छोड़ गया, जिन्हें पुलिस ने अहम साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।
घटना के वक्त मृतका के साथ उसके छोटे भाई की सात वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। बच्ची किसी तरह डर के बीच घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर जेटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













