BREAKING NEWS

logo

पलामू में विवाहिता ने फंदे पर लटक कर की आत्महत्या


पलामू। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के बंधन मैरेज हॉल के पीछे शनिवार को एक नवविवाहिता का फंदे पर लटका शव मिला। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। कमरे में एक छोटी बच्ची और तीन महीने की बेटी थीं। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने देखा कि महिला फंदे पर लटकी है।

महिला की पहचान चंदन कुमार चन्द्रवंशी की पत्नी रिचा देवी के रूप में हुई है। चंदन और रिचा की शादी अप्रैल 2024 में हुई थी। घटना के समय पति गढ़वा जिले के रंका में ड्यूटी पर थे, जबकि ससुराल के अन्य सदस्य बड़ी गोतनी के इलाज के लिए रांची गए हुए थे। मृतका का मायका पांकी के करार में है।

मृतका की मां और मायके पक्ष के लोग ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शादी के डेढ़ साल के भीतर पारिवारिक विवाद के कारण दो-तीन बार पंचायती भी हुई थी, लेकिन रिश्तों में सुधार नहीं हो पाया।

सदर थाना के अवर निरीक्षक संतोष कुमार गुप्ता और टीओपी टू के प्रभारी राकेश कुमार मौजूद थे। प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि रिचा ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या की है।

शव जिस कमरे में लटका मिला है फिलहात उसे बंद करके रखा गया है। शव को दोनों पक्षों के आने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पूरे मामले में जांच की जा रही है।

Subscribe Now