पलामू। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित पालिका बाजार के बरामदे में गुरूवार रात एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को तीन अज्ञात अपराधियों ने अंजाम दिया। मृतक की पहचान मेदिनीनगर के कांजी हाउस मोहल्ला निवासी समीर खलीफा उर्फ गुड्ड (36) के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है। कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इलाके की घेराबंदी पर छानबीन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार तीन अपराधी अचानक पालिका बाजार के बरामदे में पहुंचे और समीर खलीफा को निशाना बनाते हुए सामने से सर में एक गोली मार दी। इस दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए 5 से 6 राउंड आस पास फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। समीर खलीफा उर्फ गुड्ड के साथ इस्राइल आजाद उर्फ मिंटू और एक अन्य युवक भी थे। अपराधियों ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल समीर को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि समीर बहुत दिनों से जमीन का कारोबार कर रहा था और बैग का थोक व्यापार भी करता था। उसकी दो छोटी-छोटी बच्चियां हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।













