BREAKING NEWS

logo

खूंटी में नगर पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, पीठासीन व मतदान अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


खूंटी। खूंटी में नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर. रॉनिटा के निर्देश पर सोमवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में प्रथम चरण के पीठासीन पदाधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के 30 मतदान केंद्रों पर होने वाले मतदान को लेकर नियुक्त मतदानकर्मियों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने मतदान से पूर्व मतपेटिका को बूथ पर तैयार करने की निर्धारित प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया, ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

इस अवसर पर मतदानकर्मियों को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी आलोक शिकारी कच्छप, प्रभारी पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उपसमाहर्ता अरविंद ओझा, परियोजना पदाधिकारी परमेश्वर अग्रवाल सहित जिला प्रशिक्षण कोषांग के मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी जानकारी, समस्या या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 06528-220056 / 1950 तथा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 06528-295205 पर संपर्क करें, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Subscribe Now