BREAKING NEWS

logo

सरयू राय की छवि खराब करने को लेकर साइबर थाना में शिकायत दर्ज


पूर्वी सिंहभूम। विधायक सरयू राय को लेकर सोशल मीडिया लाइव को लेकर सियासत गरमा गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह और पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने बुधवार को बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मानगो के सहारा सिटी निवासी गोपाल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोपाल यादव ने सोशल मीडिया लाइव के माध्यम से विधायक सरयू राय के खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है।

आवेदन में जदयू नेताओं ने उल्लेख किया है कि 21 अप्रैल को प्रसारित लाइव में गोपाल यादव ने बिना किसी प्रमाण के विधायक पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार करने जैसे गंभीर आरोप लगाया है। नेताओं का कहना है कि इस तरह के बयान पूरी तरह निराधार, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण हैं, जिनका उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ उठाना और जनता के बीच भ्रम फैलाना है। उनका आरोप है कि इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि शहर के सामाजिक माहौल को भी प्रभावित करती हैं।

पप्पू सिंह और नीरज सिंह ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से गलत सूचनाओं का प्रसार तेजी से होता है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

साइबर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फेसबुक लाइव वीडियो की तकनीकी जांच कर तथ्यों की पुष्टि की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Now