BREAKING NEWS

logo

झारखंड में 20 मार्च को ओलावृष्टि व वज्रपात का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी


रांची राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 20 मार्च को राज्य में गर्जन के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

विभाग ने बताया कि 21 मार्च तक राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश, गर्जन और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो मौसम के आंशिक रूप से खराब रहने का संकेत देता है।

तापमान की बात करें, तो पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस और कोडरमा में सबसे कम 14.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे धूप की तीव्रता कुछ कम महसूस की गई।

गौरतलब है कि राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में पिछले चार-पांच दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। इस दौरान बादल, बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34.1 और न्यूनतम 23.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 36.8 और न्यूनतम 19.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.2 और न्यूनतम 20.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों से दूर रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Subscribe Now