रांची। राजधानी रांची में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी की तपिश और उमस से काफी राहत मिली। बारिश होने से तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के पूर्व जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री था, बारिश के बाद यह गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश होने से जहां तापमान में कमी आई वहीं मौसम भी सुहावना हो गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से अच्छी बारिश नहीं होने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और उमस में भी इजाफा हुआ। लेकिन बारिश होने से लोगों को दोनों से राहत मिली। मौसम विभाग ने 10 जून से राज्य भर में छिटफुट बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के झारखंड में 15 जून के बाद पहुंचने की संभावना है।