फतेहाबाद : पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या
फतेहाबाद। फतेहाबाद की बालाजी कॉलोनी में रविवार देर रात आपसी रंजिश के चलते 28 वर्षीय युवक मोनू कुमार की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को आधा दर्जन हमलावरों ने मोनू के छोटे भाई के सामने ही अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान बालाजी कॉलोनी निवासी मोनू कुमार पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। घटना रविवार देर रात की है।
सोमवार को पुलिस को दिए बयान में मृतक मोनू के भाई सचिन ने बताया कि वह घर पर लेटा हुआ था, तभी एक युवक ने आकर सूचना दी कि मोनू के साथ मारपीट की जा रही है। जब सचिन मौके पर पहुंंचा, तो उसने देखा कि शंकर लाल निवासी आजाद नगर, किताब निवासी कीर्ति नगर, अरुण निवासी बालाजी कॉलोनी, निंजा और 2-3 अन्य युवक मोनू को घेरकर पीट रहे थे। इसी बीच शंकर लाल ने मोनू की जांघ पर चाकू से गहरा वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और बेहोश हो गया। सचिन को देखते ही सभी हमलावर वहां से भाग निकले। परिजन घायल मोनू को तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल ले गए।
हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अग्रोहा ले जाते समय रास्ते में ही मोनू की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस लेकर अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार, हत्या की जड़ में करीब डेढ़ साल पुराना विवाद है। बताया जा रहा है कि मोनू की बुआ का लडक़ा उनके पास ही रहता था। लगभग डेढ़ साल पहले आरोपी शंकर लाल उसकी पत्नी को भगा ले गया था और बाद में उससे शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था, जिसने अब खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
इस मामले में फतेहाबाद सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। कार्यवाहक एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक के भाई सचिन के बयान पर मुख्य आरोपी शंकर लाल सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े मोनू की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।












