BREAKING NEWS

logo

फतेहाबाद : करियाना स्टोर में घुसकर की थी एक लाख की लूट, दो गिरफ्तार


फतेहाबाद। जिले के शहर टोहाना में बस स्टैंड के सामने स्थित करियाना स्टोर में घुसकर फायरिंग करने और लूटपाट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर टोहाना पुलिस ने दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों का पहचान टाेहाना की गीता काॅलाेनी निवासी कमल उर्फ बच्ची व तिलक नगर निवासी मोनू उर्फ मोनी के रूप में हुई है। थाना शहर टोहाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने शुक्रवार को बताया कि यह सनसनीखेज वारदात 4 फरवरी को शाम को हुई थी। शिकायतकर्ता गौरव गर्ग ने पुलिस को बताया था कि जब वह अपनी दुकान गौरव ट्रेडिंग कंपनी पर बैठा था, तब तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर आए। 

दो युवक हाथों में देसी कट्टा लेकर दुकान के अंदर घुसे और पिस्तौल तानकर पैसों की मांग की। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने दुकान की दीवार पर फायरिंग भी की और करीब एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शहर टोहाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने अब इन दो अन्य आरोपियों कमल और मोनू को भी काबू कर लिया है। पुलिस अब इनसे लूट की राशि की बरामदगी और वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों के स्रोत के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।

Subscribe Now