logo

फतेहाबाद : राजस्थान में खेजड़ी कटाई का पर्यावरण प्रेमियों ने किया विरोध, पीएम से हस्तक्षेप की मांग


फतेहाबाद। राजस्थान में सोलर प्लांट स्थापित करने के नाम पर खेजड़ी पेड़ों की कटाई के विरोध में पर्यावरण प्रेमियों ने मंगलवार को डीसी विवेक भारती से मिलकर उन्हें पीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पर्यावरण प्रेमी राजीव सेतिया, दुष्यंत शर्मा, मोहन लाल नारंग, एडवोकेट धर्मपाल जाखल, राजेंद्र कुमार बिश्नोई, केदार जांगड़ा, पवन शर्मा, विजय सहारण, संदीप बिश्नोई फुलां, दारा सिंह, जगदीश धारणियां, राजा राम बेनीवाल, राजेंद्र कुमार बिश्नोई आदि ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में निजी कंपनियों द्वारा सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर खेजड़ी वृक्षों की कटाई की जा रही है।

 खेजड़ी को न केवल राजस्थान का राज्य वृक्ष बताया गया है, बल्कि इसे पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता और स्थानीय जनआस्था से जुड़ा पवित्र वृक्ष भी माना जाता है। ज्ञापन में 1730 ईस्वी में जोधपुर के खेजड़ली गांव में अमृता देवी बिश्नोई के नेतृत्व में 363 लोगों द्वारा खेजड़ी वृक्षों की रक्षा के लिए दिए गए बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि आज भी राजस्थान के कई क्षेत्रों में पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिक पेड़ों की कटाई के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। पर्यावरण प्रेमियों ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि वे इस गंभीर विषय पर संज्ञान लेते हुए राजस्थान सरकार को आवश्यक निर्देश दें, ताकि खेजड़ी वृक्षों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जा सके और पर्यावरण व जैव विविधता की रक्षा सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों का समर्थन है, लेकिन विकास पर्यावरण विनाश की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

Subscribe Now