BREAKING NEWS

logo

कैथल: दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, पति समेत पांच पर केस दर्ज


कैथल। जिले के पूंडरी क्षेत्र के गांव डुलयानी में एक विवाहिता की दहेज कम लाने के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता कैथल के सिरटा राेड निवासी वेद प्रकाश ने पूंडरी थाने में दी शिकायत में बताया कि करीब 10 साल पहले उन्होंने अपनी बेटी ज्योति की शादी गांव डुलयानी निवासी सुरजीत से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ज्योति को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते आ रहे थे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा बार-बार ज्योति से मायके से रुपये लाने की मांग की जाती थी। इस मामले को लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और मारपीट का सिलसिला जारी रहा। वेद प्रकाश ने बताया कि दाे फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में बेरहमी से मारपीट की गई।

इसके बाद ज्योति के ससुर ने फोन कर उन्हें बेटी को ले जाने के लिए कहा। जब वे मौके पर पहुंचे तो ज्योति गंभीर हालत में चारपाई पर पड़ी हुई थी। वे उसे तुरंत कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में डीएसपी सुशील प्रकाश ने मंगलवार काे बताया कि ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Now