फतेहाबाद : इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर आर्मी जवान से लाखों की धोखाधड़ी; आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद)। इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर सेना के एक जवान के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने गिरोह के तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नई दिल्ली निवासी दीपक के रूप में हुई है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने शुक्रवार को बताया कि मामला 08 अक्टूबर 2025 को दर्ज किया गया था, जब गांव हिजरावां कलां निवासी बलजिन्द्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपियों ने पैरा मेरिक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर कॉल किया और उनकी पॉलिसी के नाम पर कस्टमर आईडी बनाने व भारी लाभ दिलाने का झांसा दिया। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 46 हजार 882 रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में जमा करवा दिए।
जब आरोपियों ने और पैसों की मांग जारी रखी और जमा राशि वापस नहीं की, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर थाना फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया व पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी दीपक के कब्जे से ठगी गई राशि में से 19 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।












