BREAKING NEWS

logo

फतेहाबाद: सडक़ दुर्घटना में युवक की मौत


फतेहाबाद,। जिले के रतिया क्षेत्र के ढाणी जल्लोपुर के पास हुए मंगलवार सुबह हुए सडक़ हादसे में गांव खुम्बर निवासी 24 वर्षीय युवक दलीप की मौत हो गई। सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही रतिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नागरिक अस्पताल में मौजूद मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि दलीप गांव माजरा में कपड़े की दुकान पर काम करता था। मंगलवार सुबह दलीप बाइक पर अपने दोस्त वीरू जिसका चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा है, को सुबह 5 बजे चंडीगढ़ की बस चढ़ा कर वापिस गांव जा रहा था। जैसे ही वह ढाणी जल्लोपुर के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसके मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दिलीप बाइक सहित सडक़ से नीचे जा गिरा और उसे काफी चोटें आईं। अलसुबह होने के चलते उसे काफी देर तक कोई सहायता नहीं मिली, जिसके कारण उसने मौके पर दम तोड़ दिया। काफी देर बाद सैर करने निकले लोगों को दुर्घटना का पता चला तो उन्होंने पुलिस की 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक युवक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। बाद में परिजन मौके पर पहुंचे और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मजदूरी करने वाले हरचरण सिंह के बड़े बेटे कुलदीप की भी कुछ समय पूर्व सडक़ दुर्घटना में मौत हुई थी तथा अब दूसरे बेटे दिलीप की भी सडक़ दुर्घटना में मौत के बाद अकेले पिता पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।

Subscribe Now