BREAKING NEWS

logo

फतेहाबाद : शादी से इनकार पर युवक ने लगाया फंदा


फतेहाबाद। जिले के शहर रतिया के सरदूलगढ़ कैंची स्थित एक आरओ कैंपर सर्विस सेंटर पर कार्यरत उत्तर प्रदेश के 27 वर्षीय युवक आलोक राज ने शुक्रवार अलसुबह पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मरने से पहले आलोक ने अपने मोबाइल फोन पर एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया। मात्र 14 सेकंड के इस वीडियो में उसने स्पष्ट तौर पर कहा कि जब उसका शव उसके पैतृक गांव पहुंचे, तो उसके बड़े भाई और भाभी को उसे हाथ न लगाने दिया जाए। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात को फोन पर भाई-भाभी के साथ उसकी तीखी बहस हुई थी, जिससे वह गहरे तनाव में था। आलोक और उसका भाई अनुराग पिछले पांच महीनों से रतिया में कुलविंद्र सिंह के आरओ सेंटर पर काम कर रहे थे और वहीं ऊपर बने कमरे में रहते थे। शुक्रवार रात करीब 2 बजे के बाद आलोक ने दीवार के सहारे सीढ़ी लगाकर पंखे से रस्सी का फंदा बनाया और उस पर लटक गया। मृतक के छोटे भाई अनुराग ने बताया कि आलोक का पिछले तीन साल से अपने बड़े भाई लवलेश की साली के साथ अफेयर चल रहा था।

आलोक उससे शादी करना चाहता था, लेकिन भाई-भाभी और उनके परिवारवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। अनुराग के अनुसार, पहले भाई और भाभी ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में वे मुकर गए। उन्होंने लडक़ी को भी धमकाया था। रात को इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद आलोक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। रतिया सिटी थाना एसएचओ पुष्पा सिहाग ने बताया सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के मूल निवासी आलोक के परिवार को सूचना दे दी गई है। परिजनों के यूपी से रतिया पहुंचने के बाद उनके आधिकारिक बयान दर्ज किए जाएंगे। बयानों के आधार पर ही अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Subscribe Now