गुरबाज के परिजनों और ननिहाल पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने धोखे से गुरबाज की सारी जमीन उसकी पत्नी रमन कौर के नाम करवा ली थी। गुरबाज का मामा ससुर उसे अक्सर पिस्तौल दिखाकर डराता था और जान से मारने की धमकियां देता था। करीब 5 साल पहले फतेहाबाद निवासी रमन कौर से उसकी शादी हुई थी। दोनों के कोई संतान नहीं थी और पिछले दो महीने से पत्नी विवाद के चलते मायके में रह रही थी।
फतेहाबाद : ससुरालियों की प्रताडऩा से तंग आकर युवक ने की जीवनलीला समाप्त
फतेहाबाद,। जिले के रतिया क्षेत्र के गांव लठेरा में एक 27 वर्षीय युवक द्वारा कीटनाशक निगलकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गुरबाज सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मरने से पहले युवक ने अस्पताल के बिस्तर से एक वीडियो संदेश भी रिकॉर्ड करवाया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम उजागर किए हैं।
मंगलवार सुबह इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, गुरबाज सिंह ने सोमवार दोपहर अपने घर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। जहर निगलने के बाद उसने खुद अपने मामा के बेटे को फोन कर इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन उसे रतिया के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सोमवार देर रात इलाज के दौरान गुरबाज ने दम तोड़ दिया।
महज डेढ़ साल की उम्र में ही गुरबाज सिंह के सिर से माता-पिता का साया उठ गया था। पिता गुरलाल सिंह की सडक़ हादसे में मौत हुई थी, जिसके बाद उसकी मां मंजीत कौर का भी निधन हो गया। गुरबाज और उसकी छोटी बहन सुखपाल कौर का पालन-पोषण उनके ननिहाल गांव बोहा, पंजाब में मामा-मामी ने किया था। गुरबाज गांव लठेरा में अपनी साढ़े 10 एकड़ जमीन पर खेतीबाड़ी कर गुजर-बसर कर रहा था।
अस्पताल में दम तोडऩे से पहले गुरबाज ने एक वीडियो बनवाया है। इस वीडियो में उसने विस्तार से बताया है कि कैसे उसके ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे और उसे आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया। पुलिस के लिए यह वीडियो अब जांच का सबसे बड़ा आधार बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही रतिया सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












