फतेहाबाद : सोने का कड़ा काटकर चोरी करने वाली महिला काबू
फतेहाबाद। जिले के शहर रतिया में बस स्टैंड पर सोने का कड़ा काटकर चोरी करने के मामले में थाना शहर रतिया पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान जीतो बाई निवासी बरनाला, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किया गया कटा हुआ सोने का कड़ा तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का कटर बरामद किया है। सोमवार को थाना शहर रतिया की प्रभारी पुष्पा ने बताया कि इस बारे में सुनील कुमार निवासी गांव लाली ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आठ फरवरी दोपहर को वह रतिया बस स्टैंड से फतेहाबाद जाने के लिए बस में चढ़ रहा था। इसी दौरान एक महिला ने भीड़ का फायदा उठाते हुए उसके हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा लोहे के कटर से काटकर चोरी कर लिया। शिकायतकर्ता को शक होने पर उसने मौके पर ही महिला को पकड़ लिया तथा तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को काबू कर थाना शहर रतिया लाया गया। थाना में तलाशी के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से कटा हुआ सोने का कड़ा तथा एक लोहे का कटर बरामद किया गया।












