फतेहाबाद : अध्यापकों के तबादले से भडक़े ग्रामीण, स्कूल गेट पर दिया सांकेतिक धरना
फतेहाबाद। जिले के रतिया क्षेत्र के गांव अलीका में राजकीय विद्यालय के पांच अध्यापकों का तबादला किए जाने के विरोध में ग्रामीणों और शहीद भगत सिंह नौजवान सभा ने बुधवार को स्कूल के मुख्य द्वार पर सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले प्रशासन ने नियम विरुद्ध तरीके से स्कूल के पांच अनुभवी अध्यापकों का तबादला कर दिया, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
इस संबंध में स्कूल प्रबंधक कमेटी और नौजवान सभा के प्रतिनिधि मंडल ने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर तबादले रद्द करने की मांग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज होकर आज ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता चुना। स्कूल प्रबंधक कमेटी के उपप्रधान बिट्टू ने कड़े शब्दों में सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि हमने प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत करा दिया है। अब यदि सोमवार तक इन तबादलों को रद्द नहीं किया गया, तो स्कूल के गेट पर पक्का ताला जड़ दिया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा।
शहीद भगत सिंह नौजवान सभा के प्रधान अवतार सिंह ने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को जानबूझकर कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर स्कूलों से अध्यापकों को हटाकर भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि रिक्त पड़े पदों को तुरंत भरा जाए ताकि युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रह सके।
रोष प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से रवि अलीका, हरप्रीत, अशोक, राहुल, अनमोल, कृष्ण, दर्शन लाल, काला राम, प्रहलाद, वेदप्रकाश पंच, कुलवंत पंच, रमेश पूर्व मेंबर, सुंदर, कुलवंत और रणजीत सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि विभाग ने अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी, तो सोमवार से आंदोलन और अधिक उग्र होगा जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।












.jpg)