यमुनानगर: निजी स्कूल में खामियों पर छह के खिलाफ मामला दर्ज

यमुनानगर: निजी स्कूल में खामियों पर छह के खिलाफ मामला दर्ज
यमुनानगर। यमुनानगर के जगाधरी स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में जिला प्रशासन की संयुक्त जांच के दौरान अनेक गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। छात्रों और अभिभावकों की शिकायतों के बाद शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संस्थान परिसर का निरीक्षण किया, जिसमें अवैध रेजिडेंशियल कोचिंग, हॉस्टल में निजता का उल्लंघन, खराब व्यवस्थाएं तथा बिना अनुमति संचालित मेडिकल सुविधा जैसी खामियां सामने आईं। मामले में शहर जगाधरी थाना पुलिस ने स्कूल प्रबंधन सहित छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर डीईईओ अशोक कुमार के साथ बिलासपुर रोड स्थित करियर डिफेंस स्कूल का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान छात्रों और अभिभावकों ने लिखित शिकायतें सौंपते हुए अत्यधिक फीस वसूली, खराब भोजन, पेयजल की अव्यवस्था, गंदगी और छात्रों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। निरीक्षण में पाया गया कि संस्थान को केवल पहली से बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित करने की अनुमति प्राप्त थी, जबकि परिसर में एनडीए, आईआईटी और सैनिक स्कूल की रेजिडेंशियल कोचिंग अवैध रूप से चलाई जा रही थी। छात्रों से इसके लिए भारी शुल्क लिया जा रहा था।

टीम को हॉस्टल कमरों में सीसीटीवी कैमरे भी मिले। अधिकारियों के अनुसार यह विद्यार्थियों की निजता का गंभीर उल्लंघन है। पूर्व निरीक्षण में इन्हें हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रबंधन ने पालन नहीं किया। स्वास्थ्य विभाग की जांच में परिसर में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल क्लिनिक भी मिला। मौके से एलोपैथिक दवाइयां, आईवी फ्लूड, इंजेक्शन और उपयोग की गई सिरिंज बरामद हुईं। संबंधित व्यक्ति वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने स्कूल संचालक विनय राय सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Subscribe Now