जानकारी के अनुसार रोहतास सोमवार की रात को घर पर भोजन करने के बाद अपने प्लॉट पर बने कमरे में सोने चले गए। देर रात किसी व्यक्ति ने सोते समय उनका गला दबाकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह घटना का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच के दौरान मृतक के गले पर दबाव के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हत्या किस उद्देश्य से की गई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। रोहतास लगभग आठ वर्ष पहले दिल्ली परिवहन निगम से कंडक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे शांत स्वभाव के बताए जा रहे हैं और किसी प्रकार की रंजिश की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
सोनीपत में डीटीसी से सेवानिवृत्त कंडक्टर की गला दबाकर हत्या
सोनीपत। सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त कंडक्टर की उनके ही प्लॉट पर बने कमरे में सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान गांव भैंरा बांकीपुर निवासी रोहतास (68) के रूप में हुई है।












