फतेहाबाद जिले के सभी बस अड्डों पर रील बनाने पर लगी रोक
फतेहाबाद। जिले के टोहाना बस स्टैंड पर एक युवक द्वारा पंजाबी गाने पर किए गए अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरियाणा रोडवेज विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। रोडवेज के महाप्रबंधक ने मंगलवार को आदेश जारी कर जिले के सभी बस स्टैंडों पर वीडियो और रील बनाने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया है। दरअसल, रमन नाम के एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ने टोहाना बस स्टैंड पर यात्रियों के बीच ‘तू कादी पंजाबन’ गाने पर डांस किया था, जिसे करोड़ों लोग देख चुके हैं।
विभाग का मानना है कि इस तरह के फूहड़ प्रदर्शन से सरकारी विभाग की छवि खराब हो रही है और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। जीएम कार्यालय द्वारा फतेहाबाद, टोहाना, जाखल, रतिया, भूना और भट्टू के बस स्टैंड प्रभारियों को भेजे गए पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई भी युवक या युवती बस स्टैंड परिसर में वीडियो बनाता पाया जाए, तो उसे तुरंत रोका जाए। यदि कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ नजदीकी थाने में पुलिस शिकायत दर्ज करवाई जाए। ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड एक सार्वजनिक और अनुशासित स्थान है, यहाँ बिना अनुमति किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी की इजाजत नहीं दी जा सकती।












