फतेहाबाद : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
फतेहाबाद,। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में महिला थाना फतेहाबाद पुलिस ने आरोपी युवक को काबू कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अशोक नगर, फतेहाबाद निवासी मनदीप उर्फ मंगा पुत्र स्वर्ण सिंह के रूप में हुई है। बुधवार को महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा ने बताया कि एक पीडि़ता ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में पीडि़ता ने आरोप लगाया कि मनदीप उर्फ मंगा ने उसे शादी का झांसा दिया और उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीडि़ता का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी और उसके परिजनों ने न केवल शादी से साफ इनकार कर दिया, बल्कि उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां भी दीं। पीडि़ता की इस गंभीर शिकायत पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ महिला थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया।
मामला दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने आरोपी मनदीप उर्फ मंगा को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है और पुलिस नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और इस तरह के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












