फतेहाबाद : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने व ब्लैक मेलिंग के मामले में युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद। शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैक मेल और उसे आत्महत्या के लिए विवश करने के मामले में कार्रवाई करते हुए भट्टूकलां पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोदीवाली निवासी बजरंग के रूप में हुई है। थाना भट्टूकलां प्रभारी उप-निरीक्षक राधेश्याम ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंधा में पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि आरोपी के साथ उसकी जान-पहचान थी, जिसने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया।
इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। जब पीडि़ता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद जब पीडि़ता ने अन्य जगह शादी करने की बात कही, तो आरोपी उसे पुरानी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैक मेल करने लगा। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात, शादी का झांसा देकर संबंध बनाना के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी बजरंग को काबू कर लिया है। एसएचओ के अनुसार पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं और डिजिटल साक्ष्यों जैसे मोबाइल वीडियो व फोटो की गहनता से जांच कर रही है।












