logo

रेवाड़ीः ऑयल मिल के कमरे में मिला युवक का खून से लथपथ शव, पुलिस जांच में जुटी


रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर के दिल्ली रोड स्थित एक ऑयल मिल में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव कमरे में मिला। मृतक की पहचान कोटपूतली निवासी करीब 35 वर्षीय सुंदर लाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक के पेट पर किसी नुकीली वस्तु से वार के दो निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।

जानकारी के अनुसार सुंदर लाल तीन दिन पहले ही अपनी बुआ के बेटे के साथ काम की तलाश में रेवाड़ी आया था और उक्त ऑयल मिल में काम कर रहा था। घटना वाली रात दोनों ने साथ में खाना खाया और कमरे में सो गए। सुबह जब सुंदर लाल काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो उसके साथी ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजे को धक्का देकर खोला गया, जहां अंदर सुंदर लाल का शव खून से सना पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही मिल मालिक और पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर मॉडल टाउन थाना पुलिस के साथ सीआईए रेवाड़ी, धारूहेड़ा और कोसली की टीमें भी पहुंचीं। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि मृतक के पेट पर नुकीले हथियार जैसे दो निशान मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल हत्या और अन्य संभावित कारणों, दोनों एंगल से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

Subscribe Now