रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार देर शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंड चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार और एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिसमें दोनों पुलिसकर्मियों पर अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप था।
मिली जानकारी के अनुसार नांधा गांव निवासी श्रवण कुमार की मोटरसाइकिल एक मुकदमे के तहत पुलिस द्वारा इंपाउंड की गई थी। बाद में अदालत ने वाहन को सुपुर्दगी पर छोड़ने के आदेश जारी कर दिए थे। इसके बावजूद आरोप है कि चौकी इंचार्ज योगेश कुमार और संबंधित एएसआई ने मोटरसाइकिल छोड़ने के एवज में सात हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता श्रवण कुमार ने इस मांग को लेकर एसीबी से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। खास बात यह रही कि श्रवण कुमार के पास रिश्वत मांगने की फोन पर की गई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद थी, जिसने मामले को और मजबूत बना दिया।
एसीबी टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद एक ट्रैप प्लान तैयार किया। योजना के तहत गुरुवार शाम को श्रवण कुमार को रिश्वत की रकम लेकर कुंड चौकी भेजा गया। जैसे ही एएसआई ने पैसे लिए, पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने मौके पर छापा मार दिया और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेवाड़ी में चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
इंपाउंड मोटरसाइकिल छोड़ने के बदले मांगे थे सात हजार रुपये








42.jpg)



