logo

पलवल : दहेज में बुलेट की मांग बनी मौत का कारण, मृतक महिला का पति गिरफ्तार


पलवल,। पलवल जिले के उपमंडल हथीन थाना क्षेत्र के रिंडका गांव में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली विवाहिता के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। सात वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद से ही विवाहिता को कथित रूप से बुलेट बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।

थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार सिहौल गांव निवासी महिपाल ने शिकायत में बताया कि 26 अप्रैल 2019 को उन्होंने अपनी बेटियों ज्योति और अनीता का विवाह रिंडका गांव निवासी यशपाल और गौरव के साथ किया था। शादी में सामर्थ्य से अधिक दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।

शिकायत में ससुर वीरेंद्र, सास सविता, पति गौरव, जेठ यशपाल और ननद पूनम पर बुलेट बाइक की मांग को लेकर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि अनीता ने कई बार आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कही, फिर भी उस पर दबाव बनाया जाता रहा। सात फरवरी को सूचना मिली कि अनीता ने घर में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।

चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कुमार ने मंगलवार को जानकारी देेते हुए बताया कि आरोपी पति गौरव को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान दहेज के सामान की बरामदगी और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Now