logo

फतेहाबाद में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अड्डे पर सीआईए की रेड, युवक गिरफ्तार


फतेहाबाद। ऑनलाइन गेमिंग और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान चलाते हुए अपराध जांच शाखा फतेहाबाद की टीम ने शहर के सूर्या एन्क्लेव क्षेत्र में छापा मारकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगवाते हुए एक युवक को रंगे हाथों काबू किया है। सोमवार को सीआईए फतेहाबाद प्रभारी उप-निरीक्षक वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीम को पुख्ता जानकारी मिली थी कि सूर्या एन्क्लेव की गली नंबर 2 में एक मकान के अंदर अवैध सट्टेबाजी और ऑनलाइन बैटिंग ऐप्स के जरिए धोखाधड़ी का खेल चल रहा है।

 उन्हाेेंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने सर्च वारंट हासिल किया और योजनाबद्ध तरीके से मकान की दूसरी मंजिल पर दबिश दी। मौके से पुलिस ने सन्नी निवासी तोशाम को काबू किया। सन्नी फिलहाल फतेहाबाद के सूर्या एन्क्लेव में ही रह रहा है। सीआईए प्रभारी के अनुसार, आरोपी मास्टर आईडी धारकों के साथ मिलकर विभिन्न वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स के जरिए सट्टा खाईवाली का काम कर रहा था।

 पुलिस टीम ने मौके से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे तकनीकी उपकरण जैसे लैपटॉप, एंड्रॉइड टैबलेट तथा मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सन्नी के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में द हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 2025 की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टर आईडी धारकों और सट्टेबाजी के इस काले कारोबार के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गेमिंग और सट्टेबाजी के जरिए युवाओं को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Subscribe Now