फतेहाबाद में प्रस्तावित कलेक्टर रेट वृद्धि पर प्रॉपर्टी डीलरों की आपत्ति
फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद शहर में प्रस्तावित कलेक्टर रेट में वृद्धि पर विभिन्न संस्थाओं और प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन ने आपत्ति दर्ज कराई है। सोमवार को इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त डॉ. विवेक भारती से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि फतेहाबाद में हाल ही में कलेक्ट्रेट रेट बढ़ाये गए थे, मगर अब दोबारा कलेक्टर रेट बढ़ाकर आमजन की कमर तोडऩे का काम किया जा रहा है। आम जन आज गैस, पेट्रोल व जीवन यापन में ही उलझा हुआ है। ऊपर से यह कलेक्टर रेट के बढ़ोतरी से अपनी कमाई हुई संपत्ति को बेचने पर भी बेहताशा टैक्स आम जनता को भुगतना होगा।
प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन अध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि प्रशासन द्वारा शहर की काफी कॉलोनी में तो दो-तीन बार कलेक्टर रेट बढ़ा दिए, जबकि जहां जरूरत है वहां कलेक्टर रेट नहीं बढ़ाए गए हैं। यह सर्वे करते हुए प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के भी कुछ लोगों को बीच में रखना चाहिए, ताकि सही मायने में आम जन को सुविधा हो सके और इन कलेक्टर रेटों के वजह से प्रॉपर्टी बाजार भी आज मंदी के दौर में गुजर रहा है।
सिटी वैलफेयर क्लब अध्यक्ष विनोद अरोड़ा ने कहा कि शहर के बगीची मोहल्ला में तो 60 प्रतिशत की वृद्धि कर आम गरीब व्यक्ति की सांस अटकाने का काम किया गया है। दूसरी तरफ सिरसा रोड में जहां 20 से 25 हजार गज में आम आपको जगह मिल जाती है मगर उसका कलेक्टर रेट 65 हजार गज नई दरों के हिसाब से किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस युद्ध काल में जहां राहत देने का कार्य करना चाहिए था वहां यह कलेक्टर रेट बढ़ाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है। राष्ट्रीय सर्व समाज के जितेंद्र मंगल ने कहा कि भट्टू रोड पर भी नाजायज कलेक्टर रेट कर दिए गए। जिस वजह से आज आम व्यक्ति रजिस्ट्री ना कर एग्रीमेंट पर सौदे करने पर मजबूर है इससे सरकार के राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। सरकार यह कलेक्टर रेट बढक़र अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम कर रही है।












