फतेहाबाद : मिड-डे मील का बजट न मिलने से शिक्षकों में रोष, सौंपा ज्ञापन
फतेहाबाद। मिड डे मील का बजट न मिलने से शिक्षकों में काफी रोष है। इस समस्या को लेकर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ फतेहाबाद का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को खंड प्रधान हरपाल हुड्डा के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने स्कूलों में मिड-डे मील योजना को सुचारू रूप से चलाने में आ रही भारी दिक्कतों से प्रशासन को अवगत करवाते हुए इसका तुरंत समाधान करने की मांग की।
अध्यापक संघ के खंड सचिव मुरारी लाल ने बताया कि पिछले तीन-चार महीनों से मिड-डे मील के लिए राशन और कुकिंग कॉस्ट सफाई, मजदूरी आदि की राशि जारी नहीं की गई है। स्थिति यह है कि जनवरी से अप्रैल 2026 तक का कोई भुगतान नहीं हुआ है, जिससे स्कूलों में बच्चों के लिए दोपहर का भोजन तैयार करना मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि लंबे समय से बकाया होने के कारण अब दुकानदारों ने राशन और अन्य जरूरी सामान उधार देने से साफ मना कर दिया है। वर्तमान में शिक्षक अपनी जेब से पैसा खर्च करके जैसे-तैसे मिड-डे मील की व्यवस्था कर रहे हैं, जो अब उनके सामर्थ्य से बाहर होता जा रहा है। विद्यालय मुखियाओं ने भी पुष्टि की है कि राशन और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए उनके पास कोई बजट उपलब्ध नहीं है। अध्यापक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मिड-डे मील के लिए राशि और राशन का उचित प्रबंध नहीं किया गया, तो संगठन कड़ा रुख अपनाने को मजबूर होगा। संघ ने स्पष्ट किया कि बच्चों के पोषण से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही इसके खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।












