logo

फतेहाबाद : आग से जला घर,लाखों का नुकसान


फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले के जाखल शहर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां वार्ड नंबर 4 में गुरूवार देर रात एक परिवार के आशियाने में भीषण आग लग गई। इस हादसे में घर में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीडि़त परिवार अब खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर है। घटना के वक्त घर का मुखिया हनी सिंह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ जाखल के एक निजी अस्पताल में गया हुआ था। बच्चे को इंफेक्शन होने के कारण उसे दवाई दिलाने के लिए पूरा परिवार घर से बाहर था। इसी दौरान बंद घर के अंदर के कमरे से आग शुरू हुई और देखते ही देखते उसने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं और लपटें उठते देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। किसी बड़े विस्फोट को रोकने के लिए पड़ोसियों ने जान जोखिम में डालकर घर के अंदर से गैस सिलेंडर को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर जाखल फायर ब्रिगेड की गाडिय़ाँ मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। पीडि़त हनी सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है। इस आग ने केवल घर का सामान ही नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य के सपनों को भी झुलसा दिया है। उसकी बेटी दिव्यांशी तीसरी कक्षा और बेटा वंश कक्षा नर्सरी का एक सप्ताह पहले ही दाखिला कराया गया था। बच्चों के लिए बड़ी उम्मीदों से खरीदी गई नई ड्रेस और किताबें भी इस आग की भेंट चढ़ गई। हादसे के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी के उजाड़ होने के बाद, पीडि़त परिवार ने प्रशासन और राज्य सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है ताकि वे फिर से अपना जीवन शुरू कर सकें। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Subscribe Now