logo

पानीपत: फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों का नुकसान


पानीपत। पानीपत बापौली रोड स्थित गुप्ता इंटरनेशनल फैक्ट्री में बीती रात में लगी भीषण आग से लाखों रुपए का वेस्ट मैटीरियल जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते उसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में वेस्ट मैटीरियल जलकर राख हो गया। कीमती मशीनों को फायर ब्रिगेड की तत्परता से बचा लिया।

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग फायर स्टेशनों से आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

फायर ऑफिसर गुरमेल सिंह ने बताया कि आग को बुझाने के लिए दमकल की प्रत्येक गाड़ी को पानी भरने के लिए कम से कम पांच बार चक्कर लगाने पड़े। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फैक्ट्री संचालक अमित गुप्ता के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में वेस्ट मैटीरियल पड़ा था, जिसने आग की लपटों को तेजी से भड़काने का काम किया।

Subscribe Now