BREAKING NEWS

logo

जींद : श्रद्धा से मनाया गया महाशिवरात्रि पर्व, श्रद्धालुओं ने जलाअभिषेक कर मांगी मन्नतें


मंदिरों में लगी शिवभक्तों की लाइनें, पूरा दिन श्रद्धालुओं ने शिवालयों में किया जलाभिषेक

जींद। हरियाणा के जींद जिले में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा से मनाया गया। महाशिवरात्री पर्व पर जयंती देवी मंदिर, ऐतिहासिक भूतेश्वर मंदिर, ठिठारी महादेव, सोमनाथ मंदिर, हनुमान मंदिर, शिव चाैंक, सफीदों गेट में सुबह से ही शिवभक्तों की लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। शहर में जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया। जिसमें शिव भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

शहर के मंदिरों व शिवालयों में सुबह ही श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए और देखते ही देखते लंबी लाइनें लग गईं। श्रद्धालु मंदिर में भोले बाबा के पूरा दिन जयकारे लगाते रहे तो कुछ शिवभक्तों ने गौमुख तथा हरिद्वार से कावड़ ला कर पवित्र गंगा जल से शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर सुखद जीवन की कामना की। पूरा दिन श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक किया। जयंती देवी मंदिर रूद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने ओम नम: शिवाय मंत्र के द्वारा पंचामृत, बेलपत्र, आक, धतूरा, फल व मिष्ठान से पूजन किया।

इस दिन कि मान्यता यह है कि भगवन शिव सरल उपासना से ही प्रसन्न हो जाते हैं और हर असंभव को भी संभव बना देने की शक्ति पा लेते हैं। इस दिन पूजन करने से हम अपने कष्टों को दूर करके व सभी मनोकामनाओं को पूर्ण कर सकते हैं। शिव की कृपा से हमारी सारी समस्याओं का अंत हो जाता है और अलग-अलग सामग्री के द्वारा हमारी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती है। जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि इस बार महाशिवरात्रि पर्व पर शिव योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, प्रीति योग, आयुष्मान योग, सौभाग्य योग, शोभन योग, साध्य योग, शुक्ल योग, धु्रव योग, व्यतिपात और वरियान योग का निर्माण हुआ। इन योगों का एक ही दिन पर बनना अद्भुत संयोग रहा।

Subscribe Now