BREAKING NEWS

logo

यमुनानगर:उत्पाती युवक ने आठ गाड़ियों के शीशे तोड़े, युवक पर जानलेवा वार


यमुनानगर। यमुनानगर के जगाधरी में बीती रात एक युवक द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने गली में खड़ी कई गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए और विरोध करने पर एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार देर रात्रि की है। स्थानीय निवासी गुरविंदर सिंह ने बताया कि तेज आवाज सुनकर जब वह बाहर आए तो पड़ोस का युवक लोहे की रॉड से खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा रहा था। मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक, इससे पहले आरोपी और गुरजोत सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

बाद में आरोपी गुरजोत के घर पहुंचा और कथित रूप से उस पर हमला कर दिया। हमले में गुरजोत के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर पर करीब 20 टांके लगाए गए। बीच-बचाव करने आए गुरपाल सिंह भी घायल हुए हैं। घटना के दौरान गली में खड़ी आठ कारों को नुकसान पहुंचाया गया, जिनमें वर्ना, ग्रैंड आई10, निसान, बलेनो, ओरा, स्विफ्ट और वैगनआर सहित अन्य वाहन शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया।

Subscribe Now