फतेहाबाद : शहर में दहशत फैलाने के आराेप में तीन गिरफ्तार
फतेहाबाद। जिला पुलिस द्वारा असामाजिक और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने मातू राम कॉलोनी में हुई गुंडागर्दी और जानलेवा हमले के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी सुरेन्द्रा ने बताया कि इस बारे में पांच जनवरी को मातू राम कॉलोनी निवासी अरुण कुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार आरोपियों द्वारा कार को अत्यंत लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए जानबूझकर उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी गई थी।
इस घटना में शिकायतकर्ता की गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा था और आरोपियों ने इलाके में जमकर गुंडागर्दी कर दहशत फैलाई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज किया और इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। अब इस मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने दो आरोपियों अग्रवाल कालोनी निवासी प्रिंस पुत्र रामकुमार व मातुराम कालोनी निवासी सौरभ पुत्र रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।












