-वर्चुअल बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने प्रस्तुत की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट
गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा वर्चुअल बैठक की गई। बैठक में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, मानेसर, रोहतक और करनाल सहित हरियाणा के प्रमुख शहरों की वर्ष 2026 की वार्षिक कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएक्यूएम के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोडे ने की।
बैठक में नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए बहुआयामी कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। पिछले वर्षों के आंकड़ों के आधार पर वर्ष 2026 तक एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) को 189 से घटाकर 170 करने तथा पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर में 10 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गुरुग्राम में 31 ट्रैफिक हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां चरणबद्ध तरीके से जाम की समस्या का समाधान किया जा रहा है। इसके अलावा शहर में 1200 कैमरे पहले से सक्रिय हैं और 2722 अतिरिक्त कैमरों की स्थापना का कार्य प्रगति पर है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण में सुधार होगा।
शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए सिटी बसों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 ईवी चार्जिंग स्टेशन और 25 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित एजेंसी के साथ एमओयू भी किया जा चुका है।
सीएक्यूएम की बैठक में गुरुग्राम सहित हरियाणा के शहरों की एक्शन प्लान प्रगति की हुई समीक्षा












