BREAKING NEWS

logo

गुरुग्राम: युवक की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाली महिला समेत तीन गिरफ्तार


गुरुग्राम। एक युवक की साजिश के तहत अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों के कब्जा से एक लाख 63 हजार रुपये, एक स्कॉर्पियो गाड़ी व चार मोबाइल बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार छह मार्च को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-37 गुरुग्राम में एक शिकायत दी। उसने बताया कि वह सेक्टर-83 स्थित एक लैब में काम करता है। गत 25 फरवरी को वह एवीएल सोसायटी मोहम्मपुर में ज्योति नामक महिला का ब्लड सेंपल लेने गया था। उस महिला ने ब्लड रिपोर्ट के लिए उसके मोबाइल नंबर ले लिए थे। इसके बाद इन दोनों की आपस में बात होने लगी। वह महिला उससे मिलने की कहने लगी। इसके बाद दो मार्च को वह फिर से उस महिला का ब्लड सेंपल लेने गया। उस महिला के फ्लैट में जाने के कुछ समय बाद उस महिला ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर छोड़ दिया, तभी वहां पर दो व्यक्ति आए तथा उसके साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े उतारकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। उसको ब्लैकमेल करके उससे रुपये ट्रांसफर करवा लिए। साथ ही झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देने लगे। इसके बाद वे उसको स्कॉर्पियो गाड़ी में लेकर गए। झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर रुपये ट्रांसफर करवाए। पांच लाख रुपये और देने की कहने लगे। उस दिन के बाद से वे व्यक्ति फोन करके लगातार उस पर रुपए का दबाव बना रहे थे। इस शिकायत पर थाना सेक्टर-37 में केस दर्ज करके जांच शुरू की गई।

इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के जिला अलवर निवासी हरीश यादव, जिला महेंद्रगढ़ निवासी श्याम सुंदर को सती चौक गुरुग्राम से तथा आरोपी महिला ज्योति निवासी ताजनगर गुरुग्राम को गुरुग्राम से ही गिरफ्तार किया। आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि तीनों आरोपियों की जान-पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद इन्होंने पैसे कमाने के लिए एक साजिश के तहत योजना बनाई और इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के कब्जा से एक लाख 63 हजार रुपये, वारदात में प्रयोग की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी व चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।

Subscribe Now