BREAKING NEWS

logo

गुरुग्राम: साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी से बचने की जानकारी देगा डीएलएसए


-डीएलएसए गुरुग्राम द्वारा थिंक बिफोर यू शेयर अभियान के तहत हेल्प डेस्क स्थापित

-सीजेएम बोले, जागरुकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय

गुरुग्राम। डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग और साइबर अपराधों की घटनाओं को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम द्वारा बुधवार को एक विशेष पहल की गई है। मैनेजिंग द डिजिटल वल्र्ड-थिंक बिफोर यू शेयर जागरुकता अभियान के तहत फ्रंट कार्यालय में एक समर्पित साइबर सुरक्षा हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरुक करना तथा उन्हें त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम राकेश कादियान ने इस अवसर पर कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, फर्जी समाचार, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, डेटा गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया व निशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया जाएगा।

यह पहल हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक साक्षरता बढ़ाने और आमजन तक न्याय की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य के अनुरूप है। हेल्प डेस्क नागरिकों को समयबद्ध परामर्श, आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगी। डीएलएस की ओर से लोगों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी को सांझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें, ताकि डिजिटल प्रणाली अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनी रहे।

Subscribe Now