logo

फतेहाबाद में जेजेपी नेता की गैस एजेंसी पर सीएम फ्लाइंग की रेड, गोदाम सील


फतेहाबाद। एलपीजी सिलैंडरों की कालाबाजारी की मिल रही शिकायतों पर एक्शन लेते हुए मुख्यमंत्री उडऩदस्ता और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात जिले के शहर टोहाना में डांगरा रोड स्थित ‘रसोई गैस एजेंसी’ पर छापेमारी की। जांच के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एजेंसी को सील कर दिया है। यह कार्रवाई पिछले काफी समय से गैस सिलेंडरों के वितरण में बरती जा रही लापरवाही और उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर की गई। हाल ही में वार्ड-2 के निवासी सतपाल ने प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर शहर की दो गैस एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एजेंसी संचालक जान-बूझकर व्यवस्था में गड़बड़ी कर सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस एजेंसी की संचालिका माया देवी के पति हवासिंह खोबड़ा जननायक जनता पार्टी के नेता हैं और वर्ष 2024 का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी निर्दोष पूनिया ने बताया कि छापेमारी के समय हवासिंह मौके पर मौजूद थे, लेकिन एजेंसी का स्टाफ मौके पर स्टॉक से संबंधित जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। निरीक्षण के दौरान यहां से 516 खाली सिलेंडर, 17 भरे हुए सिलेंडर, 343 छोटे सिलेंडर तथा 51 कमर्शियल सिलेंडर मिले। अधिकारी ने बताया कि रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद सिलेंडर की संख्या में तालमेल न होने के कारण एजेंसी को सील करने का निर्णय लिया गया। विभाग ने इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भेज दी है। इस छापेमारी के बाद शहर के अन्य गैस एजेंसी संचालकों में भी हडक़ंप मचा हुआ है।

Subscribe Now