फतेहाबाद पुलिस ने मॉक ड्रिल में किया दंगाें से निपटने का अभ्यास
फतेहाबाद। पुलिस लाइन में पुलिस विभाग द्वारा बुधवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के नेतृत्व में आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस की विभिन्न कंपनियों की त्वरित प्रतिक्रिया, रणनीतिक कौशल, अनुशासन एवं आपसी समन्वय का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के लिए फतेहाबाद पुलिस पूरी तरह तैयार, संगठित और प्रशिक्षित है।
किसी भी प्रकार के उपद्रव, अवैध गतिविधि अथवा आपात स्थिति से सख्ती से निपटा जाएगा। इस मॉक ड्रिल में आपदा प्रबंधन, दंगा नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, घायलों के त्वरित रेस्क्यू तथा अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दीवार बनाकर आगे बढऩा, भाला बनाकर भीड़ को पीछे धकेलना, कदमताल करते हुए पंक्तिबद्ध मूवमेंट, तथा संगठित ढंग से क्षेत्र को क्लियर करने जैसी आधुनिक एवं प्रभावी पुलिस रणनीतियों का अभ्यास कराया गया। ड्रिल के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए आँसू गैस गोलों के सुरक्षित व नियंत्रित प्रयोग, शेल फायरिंग की तकनीक, बल प्रयोग के मानक प्रोटोकॉल और आवश्यक सुरक्षा उपायों पर पुलिस बल को गहन प्रशिक्षण दिया गया।
यह भी स्पष्ट किया गया कि पुलिस परिस्थितियों के अनुसार न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए कानून-व्यवस्था बहाल करने में पूरी तरह सक्षम है, लेकिन यदि कोई असामाजिक तत्व शांति भंग करने का प्रयास करता है तो उससे सख्ती और कानूनी कार्रवाई के साथ निपटा जाएगा। मॉक ड्रिल में पुलिस की विभिन्न टुकडिय़ों ने निर्धारित समय सीमा में घटनास्थल पर पहुंचकर कदमताल के साथ आगे बढ़ते हुए, निर्धारित फॉर्मेशन में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
आधुनिक उपकरणों, वायरलेस संचार प्रणाली, कमांड एंड कंट्रोल मैकेनिज्म तथा टीम वर्क की भी गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर डीएसपी टोहाना उमेद सिंह, डीएसपी साइबर एवं भट्टू कलां संजय कुमार, लाइन अफसर निरीक्षक गुलवीर सिंह सहित सैकड़ों पुलिस अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। ड्रिल के समापन पर एसपी ने निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस प्रकार की मॉक ड्रिल, दंगा नियंत्रण अभ्यास और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इस मॉक ड्रिल ने न केवल फतेहाबाद पुलिस की तैयारियों को प्रदर्शित किया, बल्कि असामाजिक तत्वों को यह स्पष्ट चेतावनी भी दे दी कि जिले में कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।







.jpg)




