BREAKING NEWS

logo

फरीदाबाद: 30 लाख के लालच में दोस्त संग मिलकर किया गर्लफे्रंड का कत्ल, आरोपी हुए गिरफ्तार


फरीदाबाद । फरीदाबाद में केजीपी पुल के पास यमुना नदी में मिले युवती के शव और उसके ब्लाइंड मर्डर की वारदात से पुलिस ने शुक्रवार को पर्दा उठा दिया है। उसका दोस्त ही हत्यारा निकला है। लडक़ी के खाते से 30 लाख रुपए निकाले गए थे। पुलिस इस मामले में पड़ताल करते हुए उसके दोस्त के पास पहुंची तो मर्डर में खुलासा हो गया। इसमें क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने दीपक व साथी कृष्ण का गिरफ्तार किया है। उसके खाते में रुपए देखकर इनको लालच आ गया था।

फरीदाबाद में 21 मार्च को छायंसा के केजीपी पुल पर यमुना नहर के पास एक अज्ञात युवती का शव मिला था। उसके गले पर काफी चोट के निशान थे। युवती की गला दबाकर हत्या करके शव यहां पर डाला गया था। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धाराओं में थाना छायंसा में केस दर्ज किया गया है। बाद में मृतक युवती की पहचान रेनू (24) के तौर पर हुई थी। वह उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की रहने वाली थी।

एसीपी क्राइम अमन यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि लडक़ी की हत्या में पुलिस ने दीपक (31) व कृष्ण (30) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गांव जखोपुर सोहना गुरुग्राम के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपक मृतका रेनू (24) को 5/6 साल से जानता था। वह उसके साथ रह रहा था। रेनू 2/3 साल से बाहर रह रही थी। फिलहाल गुरुग्राम में आई थी। वह एक अफोर्डेबल हाउस की तलाश में थी। रेनू ने इसके लिए अपने दोस्त दीपक से बात की। दीपक को इसके बाद पता चला कि रेनू के पास मोटी रकम है। वह लालच में आ गया। पुलिस के अनुसार दीपक ने रेनू के खाते से 30 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद वह युवती को घुमाने के बहाने से केजीपी ,यमुना नदी लेकर गए और मौका देखकर अपने साथी कृष्ण के साथ मिलकर रस्सी से गला दबा कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक पर पहले भी चोरी का एक केस झज्जर में दर्ज है। आरोपी गुरुग्राम में एक सैलून चलाता है। उसके साथी कृष्ण का बैंड बजाने का काम है। दोनों आरोपियों को मुकदमे में पूछताछ व वारदात में प्रयोग सामान की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Subscribe Now