फरीदाबाद : अहाता न खोलने पर मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या
फरीदाबाद। सेक्टर-3 में अहाता न खोलने पर कुछ युवकों ने अहाता मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या करने के उपरांत हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना मंगलवार देर रात की है। हैरानी की बात तो यह है कि जहां पर यह हत्या हुई, वहा से सौ मीटर की दूरी पर ही सेक्टर-3 पुलिस चौकी है। पुलिस ने सूचना मिलने के उपरांत बुधवार सुबह मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरु कर दी है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले आदेश यादव (30) के तौर पर हुई।
सेक्टर-3 स्थित अहाते पर पिछले एक साल से मैनेजर था। मंगलवार रात को अहाते के पास बने कम्युनिटी सेंटर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान शादी समारोह में शामिल दो-तीन युवक अहाते के पास पहुंचे और वहां मौजूद मैनेजर से अहाता खुलवाने की मांग करने लगे। उनका कहना था कि वे अंदर बैठकर शराब पीना चाहते हैं। उस समय अहाता बंद हो चुका था। अहाते के अंदर मौजूद मैनेजर आदेश यादव बाहर आए और उन्होंने युवकों से कहा कि अब अहाता बंद हो चुका है और इसे दोबारा नहीं खोला जा सकता। इसी बात को लेकर युवकों की आदेश से बहस हो गई और देखते ही देखते बहस झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि इसके बाद वे युवक कम्युनिटी सेंटर में चल रहे शादी समारोह में वापस गए और वहां से 8 से 10 अन्य युवकों को भी अपने साथ बुला लाए। इसके बाद करीब 10 से 12 लोगों ने मिलकर आदेश यादव पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से आदेश पर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान आदेश को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहे। हमले में आदेश यादव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले के बाद ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।







17.jpg)




