BREAKING NEWS

logo

फरीदाबाद : घरेलू कलह के चलते युवक ने फांसी लगाकर दी जान


फरीदाबाद। फरीदाबाद के गोंछी इलाके में घरेलू कलह के चलते एक 25 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच अधिकारी रोहताश के अनुसार, मृतक की पहचान अजीज खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यूपी के अमरोहा का रहने वाला था। 

वह फरीदाबाद में अपने मौसा तालीम के पास रहकर टेंट का काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह गोंछी में मौसा के घर रहने आया था, इससे पहले वह बडख़ल इलाके में किराए पर रहता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब अजीज ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो उसके मौसा को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा, तो अजीज फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के मुताबिक, अजीज की पत्नी अमरोहा में रहती है।

 बीती रात दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद अजीज आज अमरोहा जाने की बात कह रहा था, लेकिन देर रात उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस अधिकारी रोहताश का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Subscribe Now