फरीदाबाद : कुट्टू का आटा खाने से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ी
फरीदाबाद। फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में नवरात्रि के पहले ही दिन कुट्टू का आटा खाने से करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बीमार हुए सभी लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी ने एक ही दुकान से आटा खरीदा था। मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी के निवासी पुलकित, माया, प्रीति, जॉनी, कपिल और मोहित सहित कई लोगों ने व्रत खोलने के लिए अपने घर के पास स्थित हरीश नाम के दुकानदार से कुट्टू का आटा खरीदा था। रात के समय सभी ने उसी आटे से पकाैड़े बनाकर प्रसाद के रूप में खाया और फिर सोने चले गए।
देर रात में अचानक एक-एक कर सभी लोगों की तबीयत बिगडऩे लगी। किसी को तेज पेट दर्द हुआ, तो किसी को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। कई लोगों को ठंड लगने लगी, बुखार और सिर दर्द के साथ बदन दर्द की शिकायत भी सामने आई। देखते ही देखते सभी की हालत बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर सभी बीमार लोगों को तुरंत तान्या नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पीडि़तों का कहना है कि उन्होंने कुट्टू के आटे के अलावा कोई अन्य चीज नहीं खाई थी, जिससे साफ है कि फूड पॉयजनिंग का कारण वही आटा है। घटना की सूचना डायल 112 की ईआरवी टीम को भी दी गई। नर्सिंग होम के डॉक्टर सेवाराम रतन ने बताया कि देर रात लगातार मरीज अस्पताल पहुंचने लगे थे। करीब 25 लोग उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी शिकायतों के साथ इलाज के लिए आए।
सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन कुछ मरीजों की हालत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार सभी मरीजों ने एक ही जगह से कुट्टू का आटा खरीदने और उसे खाने की बात कही है। फिलहाल कुछ लोगों की हालत में सुधार है, जबकि कुछ का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया है और प्रशासन से मामले की जांच की मांग की जा रही है। डबुआ थाना प्रभारी संग्राम दहिया का कहना है कि थाने में अभी कोई सूचना नहीं मिली है। अगर कोई सूचना आती है तो जो भी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी।












