फरीदाबाद : घर में मामूली कहासुनी के बाद दो नाबालिग लड़कियों ने की आत्महत्या
फरीदाबाद। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार देर शाम दो नाबालिग लड़कियों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और जांच शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं में आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार सारन थाना क्षेत्र के नंगला एंक्लेव पार्ट-2 के पास रहने वाली 17 वर्षीय युवती ने अपने घर के कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घर में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उनकी बेटी नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। करीब आधे घंटे तक जब वह बाहर नहीं आई, तो परिवार को चिंता हुई। उसने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा खोलकर जब परिजन अंदर पहुंचे तो युवती पंखे से लटकी हुई मिली। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दूसरे मामले में सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में 14 वर्षीय किशोरी ने भी अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बेटी सुबह से ही चुप थी और किसी से बातचीत नहीं कर रही थी। शुक्रवार शाम वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब परिजनों ने देखा तो कमरा अंदर से बंद था।
दरवाजा तोडक़र अंदर पहुंचे तो किशोरी फंदे से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनास्थलों से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।












