BREAKING NEWS

logo

सिरसा: आठ नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखाें की हेरोइन बरामद


सिरसा। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से आठ नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दस लाख रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान गोरालाल, कृष्ण कुमार, रामकुमार, कृष्ण, रवि कुमार, सलामवीर, रजत व हरीश कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से करीब 51 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है।

कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को तख्तमल रोड पर एक युवक दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए तस्करी की पहचान गोरालाल के रूप में हुई।

इसके अलावा पुलिस ने कालांवाली क्षेत्र से कृष्ण कुमार को हेरोइन सहित काबू किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कृष्ण कुमार नशा तस्करी करता है और आज भी नशा तस्करी की फिराक में है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे 24 ग्राम हेरोइन सहित दबोच लिया। सीआईए कालांवाली पुलिस ने गांव असीर क्षेत्र से रामकुमार को काबू कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने गांव डबवाली क्षेत्र से कृष्ण कुमार को काबू कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की है।

उधर, सीआईए डबवाली प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने गांव मोड़ी क्षेत्र से रवि कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। एएनसी स्टाफ डबवाली ने गांव देसूजोधा क्षेत्र से सलामवीर को हेरोइन सहित दबोचा है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड कालोनी, सिरसा क्षेत्र से स्कूटी सवार युवक रजत कुमार व हरीश कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद की है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक स्कूटी सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Subscribe Now