BREAKING NEWS

logo

फतेहाबाद : कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, दिल्ली से सप्लायर गिरफ्तार


फतेहाबाद। कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए जाखल पुलिस ने मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी सुनील कुमार शेखावत के रूप में हुई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना जाखल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में पुलिस ने 12 मई 2025 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। 

पुलिस ने पंजाब के लैहरा गग्गा निवासी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन शीशियां ‘विंग्स 100 एमएल कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप (ओनेरेक्स)’ के अलावा एक बड़ी स्टील थर्मस बोतल जिसमें लगभग 9 शीशियों के बराबर कोडीन युक्त सिरप तथा एक छोटी स्टील थर्मस बोतल जिसमें लगभग 4 शीशियों के बराबर सिरप बरामद किया गया था। मामले की जांच एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की आपूर्ति दिल्ली क्षेत्र से की जा रही थी। 

साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य सप्लायर सुनील को काबू कर लिया है। एसएचओ के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप की खेप उपलब्ध करवाता था, जिसे आगे हरियाणा क्षेत्र में सप्लाई किया जाता था। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।

Subscribe Now